यह महिला अफसर 71 सालों में पहली बार करेगी ‘आर्मी डे’ परेड का नेतृत्व, जानिए और क्या क्या खास होगा इस दिन….

0
928

हर वर्ष 15 जनवरी को देश के जवानों को सम्मान देने के लिए ‘आर्मी डे’ मनाया जाता है। 1949 में इसी दिन फील्ड मार्शल केएम करियप्पा ने जनरल सर फ्रांसिस बुकर से कमांडर इन चीफ का चार्ज लिया था। इस दिन इंडियन आर्मी के रेजिमेंट की परेड और हर्षोल्लास से झांकियां निकाली जाती हैं।यह देश के लिए गर्व की बात है कि इस बार 15 जनवरी, 2019 को देश अपना 71वां आर्मी दिवस मनाने जा रहा है । आज भारतीय सेना की तुलना अमेरिका, रूस और चीन जैसी शक्तिशाली सेनाओं के साथ की जाती है।

इस बार महिला अफसर करेंगी आर्मी परेड का नेतृत्व-

इस बार आर्मी डे में सबसे खास यह रहेगा कि पहली बार कोई महिला अफसर आर्मी परेड का नेतृत्व करेगी जो देश की लड़कियों के लिए गर्व की बात है। जो महिला अफसर परेड करवाएगी उसका नाम लेफ्टिनेंट भावना कस्तुरी है।

144 जवानों को करेगी लीड-

लेफ्टिनेंट भावना कस्तुरी इस दिन इंडियन आर्मी सर्विस कॉर्प्स (ASC) टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी। इस टुकड़ी में 144 जवान पुरुष सम्मिलित होंगे।ऐसा पहली बार हो रहा है जब कोई महिला सेना की टुकड़ी का नेतृत्व कर रही है, इससे पहले किसी महिला अफसर को जवानों की टुकड़ी का नेतृत्व करने का मौका नहीं मिला।

यह वर्ष सिर्फ लेफ्टिनेंट भावना कस्तुरी के लिए ही नहीं बल्कि कैप्टेन शिखा सुरभि और कैप्टेन भावना स्याल के लिए भी बहुत खास रहेगा। साल 2019 के गणतंत्र दिवस की परेड में मशहूर डेयरडेविल्स टीम के पुरुष अफसरों के साथ पहली बार कैप्टेन शिखा सुरभि बाइक पर स्टंट करती हुई दिखाई देगी।

दूसरी तरफ कैप्टन भावना स्याल के लिए भी यह दिन खास होगा। यह आर्मी की सिगनल्स कोर से हैं। भावना स्याल ट्रांसपोर्टेबल सैटलाइट टर्मिनल के साथ परेड पर भारतीय सेना की ताकत का प्रदर्शन करेंगी। यह मशीन डिफेंस कम्युनिकेशन नेटवर्क का एक अहम हिस्सा है जो सेना के तीनों दलों को जोड़ने का काम करती है।